जरदोजी कारीगर के घर में पड़े ताले तोड़कर चोर घुस गए। अलमारी से 82 हजार रुपये और करीब एक लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए। सुबह दरवाजे का ताला टूटा देखकर पड़ोस में रह रही भतीजी ने फोन से घटना की जानकारी दी। जरदोजी कारीगर परिवार समेत घर लौट कर आया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला रकाबगंज खुर्द निवासी इकरार जरदोजी का काम करता है। वह शुक्रवार को परिवार समेत घर में ताला डाल कर दरियावगंज में रिश्तेदार के घर गया था। रात में चोरों ने मुख्य गेट पर पड़े ताले तोड़ दिए और अंदर घुस गए।
कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। उसमें रखे करीब 82 हजार रुपये और एक लाख रुपये के जेवर चोरी कर चंपत हो गए। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली भतीजी ने दरवाजे का ताला टूटा देखा।
उसने फोन से इकरार को जानकारी दी। इकरार परिवार समेत घर लौट कर आए तो देखा कमरे की अलमारी का लॉक टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनिहारी निवासी नफीस के जरदोजी कारखाने में शुक्रवार रात मोहल्ले के दो युवक घुस गए थे। वह वहां से सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह नफीस को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने पूछताछ की तो उसने दूसरे साथी का भी नाम बता दिया। पुलिस दोनों को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
जरदोजी कारीगर के घर से दो लाख की चोरी
घर में ताला डालकर रिश्तेदारी में गया था परिवार
भतीजी ने चोरी की दी जानकारी, पीड़ित ने दी तहरीर