एटीएम से 27 मार्च को एक दर्जन बैटरी चोरी की तहरीर पर पुलिस ने कई दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। जोनल मैनेजर ने एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पूरा मामला पता कर लिया। इसके बाद दूसरी तहरीर देने के साथ पुलिस को साक्ष्य भी सौंपे। इस पर पुलिस ने गुड वर्क दिखाने को आनन-फानन मुकदमा दर्ज कर 10 बैटरी की बरामदगी भी दिखा दी।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव जसमई हथियापुर में लगे एटीएम से 27 मार्च की रात एक दर्जन बैटरियां चोरी हो गईं। जानकारी पर जोनल मैनेजर रामेंद्र कुमार ने मामले की पड़ताल करने के बाद थाने में तहरीर दी।
इसके बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। हार-थककर रामेंद्र कुमार ने एटीएम के सीसी कैमरे के फुटेज खंगालने के बाद शक के दायरे में आए कुछ टेंपो चालकों से पूछताछ की। इससे पता लगा कि चोरी की बैटरियां नवाबगंज क्षेत्र में पहुंचाई गईं। इनमें दो बैटरी बेची भी जा चुकी हैं।
पूरी जानकारी जुटाने के बाद चार दिन पहले रामेंद्र ने पुलिस को दोबारा तहरीर दी। उन्होंने खुद जुटाए साक्ष्य भी पुलिस को सौंप दिए। इसी के बाद नवाबगंज थाना पुलिस की मदद से क्षेत्र के गांव सलेमपुर से घर में छिपाई गई 10 बैटरियां बरामद कर ली गईं।
नवाबगंज थाना पुलिस की सूचना पर मऊदरवाजा थाना पुलिस ने रामेंद्र कुमार द्वारा पहले दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया और बैटरियों की बरामदगी दिखाकर गुडवर्क के लिए अधिकारियों से शाबाशी भी ले ली।
हालांकि पुलिस अधीक्षक ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को बताया कि बैटरी चोरी के मामले में नवाबगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी सुरेंद्र सिंह, जनपद कासगंज थाना गंजडुंडवारा के गांव नगला उम्मेद निवासी भानू सिंह को गिरफ्तार कर 10 बैटरी बरामद की हैं। आरोपियों से पूछताछ में अन्य चोरियों में भी महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं।
पीड़ित की सुरागरसी पर पुलिस का गुडवर्क
एटीएम से चोरी 12 बैटरी में 10 बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य चोरियों के सुराग का दावा