फर्रुखाबाद। कायमगंज ब्लाक के रायपुर खास की वृद्धा और नवाबगंज ब्लाक के मिल्क मौज मुल्ला के ग्रामीणों ने सांसद से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। वृद्धा ने कोटेदार की शिकायत करने के साथ ही एक जनप्रतिनिधि पर समझौता करवाने का दबाव डाले जाने का आरोप लगाया। सांसद ने कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
रायपुर खास निवासी वृद्धा सोनवती पत्नी स्व. गंगाराम ने सांसद से शिकायत की। कहा कि गांव के कोटेदार उसे कभी-कभार ही राशन देते हैं। इसकी शिकायत उसने कोटेदार से की तो पांच दिसंबर को कोटेदार ने उसे व उसके बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया। सोनवती की तहरीर पर पुलिस ने कोटेदार दुर्वेशचंद्र व उसके पुत्र राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। सोनवती ने आरोप लगाया कि कोटेदार और एक जनप्रतिनिधि उस पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। कोटेदार आए दिन धमकी देता है। सांसद ने आश्वासन दिया कि अब उसे परेशान नहीं किया जाएगा।
उधर, नवाबगंज ब्लाक के मिल्क मौजमुल्ला निवासी महेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधान राजकुमारी के साथ सांसद से शिकायत की। महेंद्र सिंह ने कहा कि बीते दिन वह अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहा था। गांव के ही दबंगों ने इसका विरोध किया। महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि दबंगों ने पुलिस से सांठगांठ कर उनके भाई समेत तीन लोगों को पकड़वा लिया। महेंद्र सिंह ने बताया कि दबंग उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। पुलिस भी उन लोगों की नहीं सुन रही है। सांसद मुकेश राजपूत ने दोनों पीड़ितों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।