फीस जमा न करने पर कालेज से भगाए जाने से कक्षा नौ के छात्र ने गुरुवार को फांसी लगाकर जान दे दी थी। इस मामले पुलिस ने देर रात छात्र के पिता की तहरीर पर कालेज प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना के दूसरे कालेज नहीं खुला।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव तेरा गढ़िया निवासी अरविंद कठेरिया का 17 वर्षीय बेटा ओमकार इटावा-बरेली हाईवे पर गांव सकवाई स्थित शकुंतला देवी इंटर कालेज में कक्षा नौ में पढ़ता था। बुधवार को उसे कालेज प्रधानाचार्य उदयवीर शर्मा ने फीस जमा न होने से भगा दिया था।
इसके बाद उसने गांव के पास बाग में पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। अरविंद ने कालेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने बुधवार देर रात आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, डीआईओएस ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। दो डाक्टरों के पैनल ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में श्वास नली अवरुद्ध होने से मौत होने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं पाया गया।
वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन प्रधानाचार्य को बचाने के लिए एक लड़की को प्रेम पत्र देने का आरोप बेटे पर लगा रहे हैं। जबकि, ओमकार के चाचा के बेटे पुष्पेंद्र ने ऐसी कोई जानकारी नहीं दी।
कालेज प्रबंधक व प्रधानाचार्य आत्महत्या के लिए उकसाने में फंसे
छात्र के फांसी लगाकर जान देने का मामला
फीस जमा न होने पर स्कूल ने से भगाने का आरोप
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा