राजेपुर/अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। गंगा के कटान व अवैध खनन से तीसराम गांव की मड़ैया के ग्रामीण परेशान हैं। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर सोमवार सुबह ग्रामीणों ने अवैध खनन करने वालों को खदेड़ दिया। सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई। उसने मौके से एक जेसीबी व चार ट्रैक्टर कब्जे में लेकर सीज कर दिए हैं।
अमृतपुर तहसील क्षेत्र का गांव तीसराम की मड़ैया वर्ष 2017 में आई बाढ़ में गंगा कट गया था, सिर्फ दो घर और प्राथमिक विद्यालय बचे थे। इन दिनों कटान होने से गंगा में खेत कट रहे हैं। इससे ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने कटान रोकने के लिए कई बार अधिकारियों से मांग की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस बीच माफियाओं ने वहां अवैध खनन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों की शिकायत पर भी किसी अधिकारी ने अवैध खनन रोकने का प्रयास नहीं किया। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने सोमवार सुबह अवैध खनन कर रही जेसीबी व ट्रैक्टरों को घेर लिया और अवैध खनन होने की सूचना एसडीएम को दी। मौके पर पहुंची राजेपुर थाना पुलिस वहां से एक जेसीबी व चार ट्रैक्टर-ट्राली पकड़कर थाने ले आई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से ही क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।
राजेपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्राली व जेसीबी सीज कर दिए गए हैं। चालक मौके से फरार हो गया था। क्षेत्र में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा।