फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित सीपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र को पीटे जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिंजीगंज मेडिकल के लिए भेजा है।
मोहन नगर जसमई दरवाजा मोहल्ला निवासी सतीशचंद्र दीक्षित ने एसपी के आदेश पर सीपी इंटरनेशनल स्कूल के कंप्यूटर शिक्षक आलोक शाक्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें कहा कि सतीशचंद्र दीक्षित का बेटा अभय दीक्षित कक्षा आठ में सीपी इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ता है। 18 फरवरी को अभय दीक्षित स्कूल के कंप्यूटर लैब में था, तभी कंप्यूटर शिक्षक आलोक शाक्य ने पीट दिया। अभय ने प्रिंसिपल व अन्य स्टाफ को सूचना देकर मामले की जानकारी घर देने के लिए कहा लेकिन स्कूल के स्टाफ ने उसके घर कोई जानकारी नहीं दी।
छात्र ने घर जाकर पिता सतीशचंद्र दीक्षित को पूरी बात बताई। पिटाई के चलते अभय दीक्षित की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद है। थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्कूल प्रबंधन से शिकायत की तो उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं सीपी इंटरनेशनल स्कूल की निदेशक मिथलेश अग्रवाल ने बताया कि छात्र अभय दीक्षित शिक्षक को कलुआ कहकर चिढ़ा रहा था। इस पर उन्होंने डांट दिया। सतीशचंद्र के शिकायत करने पर शिक्षक आलोक शाक्य ने माफी भी मांग ली थी।