मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुम्हौली में दो शिकारी गुलेल से मोर का शिकार कर रहे थे। गांव के ही एक युवक ने फोन पर यूपी-100 को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक को हिरासत में ले लिया व दूसरा युवक मौके से भाग गया। हालांकि तब तक उन्होंने दो मोर मार दिए। एक घायल भी था।
कुम्हौली गांव में ताजपुर निवासी शिवनाथ सिंह का भट्ठा है। इसी के पास दो लोग मोर का शिकार कर रहे थे। पास ही मौजूद ग्रामीण राहुल दुबे ने इसकी सूचना यूपी-100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दूसरा साथी भाग गया। पकड़ा आरोपी कन्नौज के गुरसहायंगज थाना क्षेत्र के सराय प्रयाग निवासी नन्हू गिहार है।
उसका साथी हब्बी गिहार निवासी तकीपुर भाग गया। बताया कि वह मोर के पंख बेचते हैं। उनके पास से मिली बाइक की जब इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने जांच करवाई तो पता चला कि वह बाइक चोरी की है, उसमें लगी नंबर प्लेट भी स्कूटी का है। मामले में वन दरोगा परशुराम सिंह व वन रक्षक सचिन कुमार ने एफआईआर दर्ज कराई है।