फर्रुखाबाद। बीएसए कार्यालय में विभागीय काम से गए शिक्षक को चार शिक्षक नेताओं ने घेर लिया। उधार लिए रुपये का तकादा करने की रंजिश में शिक्षक की पिटाई कर दी। वहां मौजूद अन्य शिक्षक व कर्मचारियों ने शिक्षक को बचाया। शिक्षक ने हमलावर शिक्षक नेताओं पर रुपये और घड़ी छीनने का आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली के आवास विकास कालोनी निवासी शिक्षक अमरेश कुमार प्राथमिक विद्यालय खुटिया में तैनात है। इनसे एक शिक्षक नेता ने कुछ माह पूर्व पांच हजार रुपये उधार लिए थे। जिसका उन्होंने लगातार तकादा किया। सोमवार को अमरेश कुमार विभागीय काम से बीएसए कार्यालय गए। वहां शिक्षक नेता के मिलने पर उन्होंने उधार लिए रुपये का तकादा किया। इसको लेकर शिक्षक नेता और शिक्षक का विवाद होने लगा। शिक्षक नेता और उसके साथियों ने शिक्षक अमरेश की पिटाई कर दी। मारपीट होते देख वहां मौजूद अन्य शिक्षक व कर्मचारियों ने बीच बचाव कर अमरेश को बचाया।
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि हमलावर शिक्षक उससे कुछ रुपये और घड़ी छीन ले गए हैं। मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया था लेकिन वह नहीं ले जा सके। इसकी तहरीर फतेहगढ़ कोतवाली में दी जाएगी।