फर्रुखाबाद में एक माह पूर्व गायब हुए युवक को खोजने का अभियान पुलिस ने एक दिन चलाने के बाद बंद कर दिया। पिता ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। इसमें मजदूरी के 42 हजार रुपये मांगने पर हत्या कर शव गंगा कटरी में दबाने का आरोप लगाया है।
कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज के गांव मुर्रा निवासी भंवर सिंह का पुत्र अरुण कठेरिया (20) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव पचपुखरा निवासी नाना मेवाराम के घर रहता था। वह गांव के एक ग्रामीण का ट्रैक्टर चलाता था। 10 मई को अरुण को ग्रामीण घर से गल्ला काटने के लिए ले गया।
अरुण ट्रैक्टर लेकर उसके साथ खेत गया था। वहां से लौट कर नहीं आया। पिता भंवर सिंह ने 29 मई को पुत्र की गुमशुदगी मऊदरवाजा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक, उसके पिता समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तीनों ने गायब युवक के मरने पर शव को गंगा कटरी में गड्ढा खोद कर दबाने की जानकारी दी।
बुधवार को पुलिस शव की तलाश में कटरी की खाक छानती रही, लेकिन पुलिस के हाथ शव नहीं लगा। दूसरे दिन पुलिस ने युवक की खोज बंद कर दी। शाम को पिता भंवर सिंह ने ट्रैक्टर मालिक, उसके पिता समेत तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
इसमें कहा कि पुत्र ट्रैक्टर मालिक के घर मजदूरी करता था। उसके करीब 42 हजार रुपये मजदूरी हो गई थी। इसको मांगने पर ट्रैक्टर मालिक बुरा मानता था। ट्रैक्टर मालिक, उसके पिता और ग्यादीन की मड़ैया निवासी युवक ने पुत्र की अंगौछा से गला घोट कर हत्या कर दी।
शव को गंगा किनारे गड्ढा खोद कर दबा दिया। थानाध्यक्ष विनय प्रकाश राय ने बताया कि तहरीर मिल गई है। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
वहीं, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव नगला भूड़ निवासी वेदराम ने गांव के अनिल उर्फ बबलू के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। इसमें कहा कि वह गुरुवार को दरवाजे पर बैठा था। तभी आरोपी आया और गाली देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट कर उसको घायल कर दिया।
युवक की खोज बंद, हत्या की तहरीर
मजदूरी के 42 हजार मांगने पर हत्या करने का लगाया आरोप