नगर के मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा निवासी तंबाकू उद्योगपति के घर 50 लाख से अधिक की चोरी हो गई है। उद्योगपति ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले के खुलासे के जुट गई है। लेकिन वह कुछ बताने को तैयार नहीं है।
मोहल्ला पृथ्वी दरवाजा में नगर प्रमुख उद्योगपति प्रहलाद नारायण अग्रवाल रहते हैं। उनके तंबाकू के अलावा कई बड़े कारोबार हैं। घर व गोदाम में कई नौकर भी रहते हैं। उद्योगपति पिछले दिनों परिवार समेत बाहर घूमने गए थे। घर में सिर्फ नौकर थे।
इसी बीच चोरों ने उनके घर के कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए और नगदी व कीमती जेवर पार कर दिए। जब एक नौकर ने कमरे व अलमारी के ताले टूटे देखे तो मालिक को सूचना दी। रविवार को जब वह लौटे तो कमरे में सामान बिखरा देखा।
उन्होंने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। इसके बाद पुलिस चोरी के खुलासे के प्रयास में जुट गई। लेकिन वह कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
वहीं, उद्योगपति प्रहलाद नारायण अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। चोरी में तीन लाख रुपये समेत 50 लाख रुपये से अधिक के जेवर जाने की आशंका है। घटना में घर के नौकरों के साथ कुछ बाहरी अराजकतत्वों का हाथ भी हो सकता है।
कोतवाल जेपी शर्मा ने बताया कि घटना की उन्हें अभी तक न तो तहरीर मिली और न ही कोई जानकारी है। यदि तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
तंबाकू उद्यमी के घर 50 लाख की चोरी
कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
उद्योगपति की शक की सुई नौकरों पर