टैंकर चालक को रोका तो पुलिस वाले पर चला दी गोली
सिकंदराबाद। वाहनों की चेकिंग के दौरान रविवार की देर रात एक टैंकर चालक बैरियर तोड़कर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर तमंचे से फायर भी झोंका। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से तमंचा, खोखा व कारतूस बरामद हुए।
जेल चौकी प्रभारी उजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की रात वह पुलिस टीम के साथ चौकी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बुलंदशहर की ओर से आ रहे टैंकर चालक पुलिस बैरियर को तोड़ते हुए भागने लगा। बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ टैंकर का पीछा किया। वही वायरलेस पर मैसेज के फ्लैश होने पर पुलिस के अन्य पेट्रोलिंग वाहन भी टैंकर का पीछा करने लगे। बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में टैंकर चालक ने पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने चालक की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम ग्राम खलासिया चूहरपुर थाना खुर्जा देहात निवासी हरेंद्र सिंह जादौन पुत्र लाखन सिंह बताया। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बताया कि वह औरंगाबाद स्थित दूध प्लांट से दूध, दही लेकर दिल्ली जा रहा था। बताया कि आरोपी चालक को जेल भेज दिया।