नगर क्षेत्र में हो रहीं ताबड़तोड़ नौ चोरियों का पुलिस ने अंतत: मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने माल बरामदगी के हिसाब से शहर कोतवाली की एक, फतेहगढ़ की 6 व मऊदरवाजा की दो चोरियों का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की मानें तो आरोपियों से करीब चार लाख का माल बरामद किया गया है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डा.अनिल मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि स्वाट टीम ने मऊदरवाजा व शहर कोतवाली पुलिस की मदद से पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, लैपटाप, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, इनवर्टर, स्टेब्लाइजर, तमंचा, चाकू, लोहा काटने वाला कटर व एक बाइक बरामद की गई।
आरोपी फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी अर्पित सैनी, पुलमंडी निवासी मिथुन जाटव, कुटरा निवासी दीपक बाथम, शहर कोतवाली के श्याम नगर निवासी धर्मेंद्र राजपूत उर्फ टिर्रा उर्फ बड़ंका, मऊदरवाजा के मोहल्ला बजरिया फील्ड कटरा बख्शी निवासी अतुल उर्फ मैलू शर्मा से कड़ाई से पूछताछ की गई।
इस पर आरोपियों ने फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज आधा दर्जन, मऊदरवाजा में दो व शहर कोतवाली में दर्ज एक चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। एक साथी आकाश उर्फ बटरा की तलाश की जा रही है।चोरी की एक घटना गत वर्ष की है।
पुलिस रिकार्ड में अतुल उर्फ मैलू के खिलाफ लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर सहित 10 संगीन मामले दर्ज हैं। दीपक बाथम के खिलाफ चोरी, लूट, गुंडाएक्ट सहित 12 मामले, अर्पित सैनी के खिलाफ आधा दर्जन, धर्मेंद्र उर्फ टर्रा के खिलाफ एक दर्जन, मिथुन जाटव के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी बंद घरों की दिन में रैकी कर रात में घटना को अंजाम देते हैं। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पांच आरोपी गिरफ्तार कर नौ चोरियों का खुलासा
माल बरामदगी के बाद लिखी गई चोरी की रिपोर्ट