मेडिकल संचालक के घर से तीन लाख के जेवर और नगदी चोरी हो गई। वह पुत्री को दवा दिलाने छिबरामऊ गया था। लौटने पर दरवाजे के ताले टूटे मिले। कमरों में रखी अलमारी व बक्सों का सामान फैला था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी अजीत सिंह मूल रूप से पचरैया थाना पाली जिला हरदोई के निवासी हैं। उनका याकूतगंज में मेडिकल स्टोर है।
13 मई को पत्नी गांव मचरैया गई थीं। घर पर मेडिकल संचालक और उसकी पुत्री रह रही थी। 29 मई को अजीत पुत्री को दवा दिलाने छिबरामऊ के सिकंदरपुर गया था। वहां से सीधे वह गांव चला गया।
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह लौट कर आया था तो दरवाजे के ताले टूटे पड़े थे। अंदर जाकर देखा तो कमरों के भी ताले टूटे मिले। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे थे और उनका सामान फैला पड़ा था। करीब तीन लाख के जेवर व नगदी चोरी हो गई। पीड़ित ने कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।