जिला जेल में मिलाई करने आए दो युवकों के सामान की तलाशी ली गई। उसमें दो साबुन की बट्टी थीं। उन्हें तोड़ा गया तो दोनों में एक-एक मोबाइल बरामद हुआ। इस पर आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। उनके खिलाफ जेलर ने तहरीर दी है।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव चाचूपुर निवासी आशीष दुष्कर्म और राजीव दहेज हत्या के मामले में जिला जेल फतेहगढ़ में बंद हैं। सोमवार को इन दोनों से इनके गांव के सुखराम व विमल मिलाई करने पहुंचे। उनकी तलाशी ली गई तो कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
उनके झोले में दो साबुन की बट्टी रखी थीं। उन्हें चेक करने पर मेटल डिटेक्टर आवाज कर रहा था। इस पर दोनों बट्टियों को तोड़ा गया तो दोनों में एक-एक मोबाइल निकला। इस पर बंदी रक्षकों ने उन्हें दबोच लिया और अधिकारियों को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस को दोनों को सौंप दिया गया। जेलर गिरजा शंकर यादव ने दोनों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अजय नारायण सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ट्रेन की चपेट में आकर किशोर की मौत
कमालगंज। कमालगंज रेलवे स्टेशन पर पूर्व केबिन के पास सोमवार को ट्रेन की चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई। पर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
सोमवार शाम को छपरा एक्सप्रेस कानपुर की ओर जा रही थी। तभी कमालगंज रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन से पहले बकरियों के नकासे के पास रेलवे ट्रैक पर टहल रहा किशोर ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 15 वर्षीय किशोर करीब आधा घंटे से वहां टहल रहा था।उसके हाथ पर सौरभ लिखा था। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
खड़े ट्रैक्टर में घुसा बाइक सवार, घायल
फोटो- 24 शव देखने को रेलवे ट्रैक पर लगी भीड़
कमालगंज। फतेहगढ़ के मोहल्ला श्याम नगर निवासी नीरज (32) पुत्र विनोद रविवार रात को जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज से फतेहगढ़ जा रहे थे। तभी उनकी बाइक नवीन मंडी स्थल कमालगंज के पास खड़े ट्रैक्टर ट्राली में घुस गई। इससे वह घायल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भेजा। वहां उसने हंगामा किया। ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट
कमालगंज। थाना क्षेत्र के गांव गुगौरा निवासी मनीषा पत्नी रामलड़ैते ने अपने पति के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई है। इसमें कहा कि रविवार शाम शराब के नशे में उसके पति गाली गलौज कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके व पुत्रियों के साथ लात घूंसों व लाठी डंडों से मारपीट कर दी। इससे वह घायल हो गई।
जेल गेट पर चेकिंग में साबुन में मिले मोबाइल, दो धरे गए
जेलर ने दोनों युवकों के खिलाफ दी तहरीर