सड़क किनारे खराब डीसीएम में धक्का लगाते समय पीछे से रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे एक किशोर की मौत हो गई, जबकि डीसीएम मालिक घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अदिऊली निवासी शीशराम हथियापुर में सड़क किनारे सब्जी की दुकान लगाते हैं। बुधवार सुबह उनका 14 वर्षीय बेटा रामानंद दुकान पर बैठा था। तभी वहां सरिया लदी डीसीएम पंक्चर हो गई। चालक ने रामानंद की दुकान के सामने ही पंक्चर ठीक कराया।
इसके बाद डीसीएम स्टार्ट नहीं हो रही थी। चालक ने आसपास के लोगों को डीसीएम में धक्का देने को बुलाया। इस पर रामानंद भी अपनी दुकान से उठकर डीसीएम में धक्का लगाने लगा। तभी पीछे से आई साहराबगेट डिपो की बस ने टक्कर मार दी। इससे रामानंद व शहर के मोहल्ला अंडियाना निवासी राजेश शुक्ला (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। बस व डीसीएम के चालक भाग गए।
बस की सवारियां उतरकर दूसरे वाहनों से चली गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लोहिया अस्पताल भेज दिया। वहां रामानंद को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश शुक्ला को उनके परिजन प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
बताया गया कि डीसीएम राजेश शुक्ला की है। रामानंद अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह कक्षा आठ में पढ़ता था। जगवीर, शशिकांत, आनंद व ब्रह्मानंद भाई और संगीता व रंजना बहनें हैं। भाई जगवीर की तहरीर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोडवेज बस की टक्कर से किशोर की जान गई
डीसीएम में धक्का लगाते समय दुर्घटना
सब्जी की दुकान पर बैठा था किशोर