फर्रुखाबाद। दिल्ली से आ रही कालिंदी एक्सप्रेस में यात्री को कोल्डड्रिंक पिलाकरनगदी और सामान ले जाने का आरोप लगा है। थाना जहानगंज के चुरसई गांव निवासी गोविंद पुत्र पूरनलाल हरियाणा में नौकरी करता है। वह दिल्ली से कालिंदी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। रास्ते में ट्रेन में जहरखुरानों ने उससे दोस्ती कर ली। इसके बाद गिरोह ने उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिला दी। उसके बेहोश होते ही गिरोह के सदस्य उससे नगदी और सामान ले गए।
मंगलवार सुबह जब ट्रेन फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंची तो इसकी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी उसे नींबू पानी पिलाकर होश में लाए। सूचना पर परिजन भी आ गए। प्रभारी जीआरपी एसओ राजकुमार ने बताया कि यात्री की मां संतोषी देवी और भाई सूरजसिंह स्टेशन पर आ गए थे। कोई भी कार्रवाई से इनकार कर दिया था। वह लोग उसे अपने साथ ले गए। उसके पास से कोई सामान नहीं गया था। ब्यूरो