शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के बेला सरायगजा में सगे भाइयों को नौकरी लगाने के नाम पर गांव का ही युवक घर से बुलाकर ले गया। वापस न आने पर महिला ने युवक के खिलाफ पुत्रों के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
बेला सरायगजा निवासी शोभा मिश्रा पत्नी सुचेत मिश्र ने गांव के ही मयंक कुमार पुत्र अखिलेश कुमार के खिलाफ अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दी तहरीर में कहा कि शोभा मिश्रा के पुत्र अभिषेक (16) कक्षा 11 और आदित्य (14) हाईस्कूल में पढ़ते हैं। रविवार को मयंक उसके घर आया और दोनों पुत्रों की नौकरी लगवाने के नाम पर बुलाकर ले गया। शाम तक जब शोभा के पुत्र वापस नहीं आए तो उन्होंने मयंक से पूछा लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। नाते-रिश्तेदारों में भी खोजबीन की लेकिन पुत्रों का पता नहीं चला।
दोबारा जब मयंक से जानकारी की तो उसने गालीगलौज कर भगा दिया। एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि महिला की तहरीर पर मयंक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।