फर्रुखाबाद। घर जाते समय चिलसरा मार्ग पर बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक कर बोलेरो को रोक लिया। इस पर बैठे लोगों से मारपीट की और एक महिला से कुंडल और नगदी लूट ले गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई।
थाना शमसाबाद के गांव हुसैनपुर तराई निवासी श्यामादेवी पत्नी संतोष दिवाकर गुरुवार को बेटे शिवम, मोनू, अरदीप के साथ बोलेरो से फर्रुखाबाद अपने रिश्तेदार को अस्तपाल में भर्ती कराने के लिए आई थीं। यहां से ये लोग वापस जा रहे थे। वह टाउनहाल से चिलसरा मार्ग पर पहुंचे। उसी समय चुंगी के पास दो बाइक पर सवार युवकों ने बोलेरो को रोक लिया। जब मोनू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान हमलावरों ने महिला के कुंडल और 35 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन की। हालांकि पुलिस को बाइक सवार लुटेरे हत्थे नहीं चढ़े। थाना प्रभारी दधिबल तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
-ओवर टेक कर रुका ली बोलेरो, विरोध करने पर पीटा
अमर उजाला ब्यूरो