नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। भूमि विवाद की सूचना पर गई यूपी 100 पुलिस को ग्रामीणों ने घेरकर अभद्रता कर दी। नवाबगंज थाने की पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ दिया। पुलिस ने आरोपी भाजपा समर्थक को पकड़ने के लिए छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
थाना क्षेत्र के गांव उम्मरपुर निवासी प्रेमचंद्र शर्मा की चौराहे पर जमीन है। इसके पास ही गांव के भाजपा समर्थक ओमवीर सिंह राजपूत की जमीन है। रविवार को ओमवीर सिंह नींव भरा रहे थे। तभी प्रेमचंद्र ने करीब दो मीटर उसकी जमीन को घेर लेने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। इसको लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। प्रेमचंद्र शर्मा की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने ओमवीर सिंह राजपूत को निर्माण कार्य बंद कराने को कहा, लेकिन उन्होंने निर्माण बंद नहीं कराया।
इस पर पुलिस कर्मियों की ओमवीर से नोकझोंक होने लगी। तभी कुछ ग्रामीण लाठी लेकर आ गए और यूपी 100 पुलिस कर्मियों को घेरकर अभद्रता करने लगे। इसकी जानकारी पर नवाबगंज थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और यूपी 100 के पुलिस कर्मियों को घेरने वालों को खदेड़ दिया। ओमवीर सिंह भी वहां से खिसक गया। निर्माण कार्य को पुलिस ने बंद करा दिया।
एसओ रजनीश चौहान ने बताया कि जमीन कब्जे को लेकर विवाद था। यूपी 100 पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई थी। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन वह घर में नहीं मिला। घटना की जांच की जा रही है।