फर्रुखाबाद। प्राथमिक विद्यालय आंतर में चकबंदी की बैठक के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कोटेदार समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर सात और दूसरे पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस से धक्का-मुक्की करने और धारा 144 का उल्लंघन करने की रिपोर्ट दोनों पक्ष के लोगों के खिलाफ दरोगा ने दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन लाइसेंसी हथियार और एक तमंचा बरामद किया है।
बुधवार शाम को प्राथमिक विद्यालय आंतर में चकबंदी कराने को लेकर बैठक हो रही थी। इसमें एक पक्ष ने चकबंदी का विरोध किया तो दूसरा पक्ष चकबंदी कराने के पक्ष में था। इसको लेकर दोनोें पक्षों में मारपीट और फायरिंग हो गई। ब्रह्मपाल उर्फ भूरा, रामदास, रामनरेश व अवनीश गोली लगने से घायल हो गए थे। अवनीश के पिता कोटेदार रणवीर सिंह की तहरीर पर गांव के ब्रह्मपाल उर्फ भूरा, मोहित, सूरज पाल, हरिहर, उदयराज, प्रेमपाल, ओमपाल के खिलाफ जान लेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई। दूसरे पक्ष से हरपाल सिंह ने कोटेदार रणवीर सिंह उर्फ लाला, प्रधान कर्णवीर सिंह, प्रदीप के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पक्षों में रातभर समझौता कराने का प्रयास चलता रहा।
एसपी संतोष मिश्रा के निर्देश पर फतेहगढ़ कोतवाल झांझनलाल ने दोनों पक्ष से नामजद कराए गए आरोपियों में से मोहित सिंह, सूरज पाल सिंह, हरिहर, उदयराज, प्रेमपाल, ओमपाल, कोटेदार रणवीर उर्फ लाला, प्रधान कर्णवीर सिंह व प्रदीप को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और धारा 144 का उल्लंघन करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दरोगा धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पर गांव आंतर गया तो आरोपी स्कूल के पास भीड़ लगाए थे। इन लोगों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की कर दी। एसपी संतोष मिश्रा ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि आंतर गांव में जवाबी फायरिंग करने वाले नौ आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सूरजपाल, उदयराज व हरिहर से दो लाइसेंसी बंदूक व एक राइफल मिली है। उनके लाइसेंस निरस्तीकरण को रिपोर्ट डीएम के पास भेजी जाएगी। एक तमंचा भी मिला है।