अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जाल उखाड़ कर जीने के रास्ते से चोर आयकर विभाग के अधिवक्ता के आफिस में घुस गए। अलमारी से पचास हजार की नगदी लेकर फरार हो गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कटरा नुनहाई निवासी प्रमोद शर्मा आयकर विभाग के अधिवक्ता हैं। उनका आफिस शहर के चौक बाजार बाबूजी वाली गली में है। इस आफिस की देखभाल उनके मुंशी राकेश मिश्रा करते हैं। प्रमोद शर्मा एक दुकानदार से घूसखोरी के मामले में पकड़े गए थे। वह जेल में निरुद्ध चल रहे हैं। शनिवार शाम राकेश मिश्रा आफिस में कामकाज निपटाने के बाद अपने घर चले गए। रात किसी समय चोर पीछे के रास्ते छत पर चढ़ गए। जीने के रास्ते लगे जाल को उखाड़ कर नीचे आ गए। चोरों ने अधिवक्ता के आफिस का ताला तोड़कर अलमारी से नगदी लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह जब राकेश मिश्रा आफिस खोलने के लिए पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। राकेश ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दरोगा बनी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। राकेश मिश्रा ने बताया कि अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।