अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव बांसमई में मंगलवार देर रात एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
गांव बांसमई निवासी नत्थू सिंह का 35 वर्षीय पुत्र लालू मंगलवार शाम को घर से निकल गया था। देर रात खोजबीन में गांव के तालाब में शव उतराता नजर आया। इस पर ग्रामीणों ने तालाब में घुसकर उसे बाहर निकाला। इससे परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर तालाब में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। बुधवार सुबह सीओ राजवीर सिंह भी गांव पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से मामले की जानकारी हासिल की। लालू के दो बच्चे हैं। तीन साल पहले उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि लालू के भाई नरेश ने मामले की सूचना दी है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। लालू शराब पीने का आदी था। आशंका है कि शराब के नशे में तालाब में गिरने से मौत हुई है।