अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। दिन दहाड़े फायरिंग करने के आरोपी प्रधान पति को पुलिस ने सीपी तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया है।
गुरुवार की सुबह नगर के कंपिल कायमगंज मार्ग स्थित दुर्गा टाकीज के बाहर उलियापुर गांव को जाने वाले रास्ते पर मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा निवासी अशोक अग्रवाल मजदूरों से दुकान तुड़वा रहे थे। नरैनामऊ के ग्राम प्रधान पति बिपुल कुमार उर्फ पपला राठौर ने अपने साथियों के साथ आकर दुकान तोड़ने का विरोध किया। मजदूरों के दुकान तोड़ने का काम बंद न करने पर प्रधान पति व उसके समर्थकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस दौरान वहां खडे़ सांसद के समधी रामनरेश निवासी दत्तूनगला व पास में सब्जी का ठेला लगाए अशोक का दस वर्षीय पुत्र विशाल घायल हो गया था।
पुलिस ने एक मुकदमा अशोक अग्रवाल की तहरीर पर ग्राम प्रधान पति सहित दस असलहाधारी साथियों के खिलाफ दर्ज कराया था। जबकि सांसद समधी की तहरीर पर दूसरा मुकदमा ग्राम प्रधान पति बिपुल कुमार निवासी उलियापुर व अमर चौसेनी, सुधांशु पांडेय व अमर गुुप्ता एवं सात आठ अज्ञात साथियों के खिलाफ दर्ज हुआ था।
प्रभारी द्रविण कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी बिपुल कुमार पपला को सीपी तिराहे के पास कंपिल रोड जाने वाले मार्ग से 315 बोर तमंचा सहित गिरफ्तार किया है। प्रधान पति ने बताया कि ग्राम समाज की भूमि पर अशोक अग्रवाल अवैध कब्जा कर बिना अनुमति के दुकान तुड़वा रहे थे। मना करने पर उन्हाेंने उन पर फायरिंग की, बचाव में उसने भी फायरिंग की थी, उसने किसी के गोली नहीं मारी है।