अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। मोहल्ला किदबई नगर में बहन पर जलता हुआ पटाखा फेंकने का विरोध करने पर भाई को युवकों ने पीट दिया। इसको लेकर दो गुटों में लाठीडंडा चले और पथराव हुआ। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंाच लोगों को हिरासत में लिया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तनव की स्थिति देखकर एएसपी त्रिभुवन सिंह और एसडीएम अजीत कुमार ने घटना स्थल पहुंच कर मामले की जानकारी की।
मोहल्ला किदबई नगर निवासी रामनाथ का पुत्र सूरज 20 अक्तूबर को बहन खुशबू के साथ बाजार गया था। वे शाम को घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में मोहल्ले के शकील के पुत्र जीशान ने जलता हुआ पटाखा खुशबू पर फेंक दिया। इसका सूरज ने विरोध किया तो जीशान और उसके साथियों ने सूरज की पिटाई कर दी। उसने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उलाहना देने जीशान के घर गए तो उनसे सभी युवकों ने अभद्रता की। इसको लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और लाठीडंडा चलने लगे। दोनों पक्षों में पथराव होने लगा।
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पांच युवकों को पकड़ा और थाने ले आई। सूरज ने थाने पहुंच कर मोहल्ले के जीशान, जाविर, सद्दाम, नदीम, अमन, राजा और 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें सूरज ने आरोपियों पर घर में घुस कर मारपीट करने और तोड़फोड़ कर लूटपाट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया। बकाया पकड़ कर लाए गए युवकों से थाने में पूछताछ की जा रही है।
-दो गुटों में लाठी डंडे चले और ईंट पथराव हुआ
-तनाव की स्थिति देख एसडीएम और एएसपी मौके पर पहुंचे