फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला मदारवाड़ी में एक प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। किसी ने वहां रखे टायरों में आग लगा दी। पड़ोसी ने घर में आग लगने से एक लाख रुपये का नुकसान होने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वह एक युवक को पकड़ कर कोतवाली ले गई और शांतिभंग में उसका चालान कर दिया।
मोहल्ला मदारवाड़ी निवासी राजू ने एक मोहल्ले में एक प्लाट खरीदा है। प्लाट में कुछ विवाद चल रहा है। शनिवार रात को कुछ लोग उस प्लाट पर टायर रखने पहुंचे। आवाज होने पर पड़ोसी अकील जाग गए। इस पर उन्होंने शोर मचा दिया। मोहल्ले के लोग एकत्र होने पर टायर रखने वाले भाग गए। सुबह जानकारी पर राजू भी वहां पहुंच गए। तभी किसी ने टायरों में आग लगा दी। इससे टायर की लपटें उठने लगीं। पड़ोसी अकील आदि ने पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
इस दौरान अकील ने आरोप लगाया कि टायरों में आग लगने से उसके घर से भी आग पहुंच गई। जिससे उनका एक लाख रुपये का नुकसान हो गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और राजू को पड़कर कोतवाली ले गई। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि राजू का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।