कंपिल (फर्रुखाबाद)। सपा जिलाध्यक्ष के भाई की कार में कंपिल-कायमगंज मार्ग पर सूत मिल के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह बाल-बाल बच गए जबकि टक्कर लगने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक व ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। सपा नेता ने थाने में तहरीर दी है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी के भाई व सपा नेता अफजाल फारूकी सोमवार शाम कार से निजी कार्य से कंपिल आ रहे थे। कायमगंज-कंपिल मार्ग पर सूत मिल के पास कंपिल की तरफ से आ रहे गन्ने से लदे ट्रैक्टर-ट्राली को दूसरा ट्रैक्टर चालक ओवर टेक कर रहा था। तभी दूसरा ट्रैक्टर गन्ने से भरी ट्राली में फंस गया और ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली भी पलट गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर व चालक को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पकड़े गए ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम संजीव कुमार निवासी जिओनी नगला थाना मऊदरवाजा बताया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जेएल सोनकर ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।