फतेहगढ़ कोतवाली के सिपाही के आत्महत्या करने के मुकदमे की विवेचना क्राइम ब्रांच ने पूरी कर ली है। पूर्व विधायक विजय सिंह के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने सिपाही को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है। विजय सिंह नैनी जेल में पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
मैनपुरी जिला व कोतवाली क्षेत्र के आश्रम रोड बालाजी पुरम निवासी विजेंद्र सिंह तोमर फतेहगढ़ कोतवाली में चालक के पद पर तैनात थे। वह फतेहगढ़ के मोहल्ला सिविल लाइन मड़ैया में किराए के मकान में रहते थे।
26 जून 2014 को सिपाही विजेंद्र सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई थी। पुत्र राहुल तोमर ने अज्ञात में रिपोर्ट लिखाई थी। राहुल तोमर ने वर्ष 2014 में पुलिस अधिकारियों को को दिए प्रार्थना पत्र में नाला मछरट्टा निवासी पूर्व विधायक विजय सिंह पर पिता को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
इस मुकदमे की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। विवेचक ने मामले में पूर्व विधायक विजय सिंह को आरोपी माना। विवेचक ने विजय सिंह के खिलाफ अदालत में आत्महत्या को उकसाने के जुर्म में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
पूर्व विधायक इस समय नैनी जेल प्रयागराज में पूर्व मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। 27 मार्च 2018 को नैनी जेल से तलब होकर पूर्व विधायक सीजेएम कोर्ट में पेश हुए थे।
क्राइम ब्रांच के विवेचक के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद सीजेएम ने सिपाही को आत्महत्या करने को उकसाने के मुकदमें में आरोपी विजय सिंह को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर रिमांड पर जेल भेजा था।
पूर्व विधायक के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल
ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में नैनी जेल में काट रहे उम्रकैद
सिपाही को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप