मोहम्मदाबाद। रोडवेज बस में सवार महिला के जेवर लेकर भाग रहे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने जेवर महिला के सुपुर्द कर दिए। मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव छतरी भरी निवासी गुड़िया सिंह शाहजहांपुर में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गई थीं। रविवार को वह रोडवेज बस से घर लौट रही थी। बस मोहम्मदाबाद चौराहे पर रुकी, तभी दो युवक गुड़िया के हाथ से झोला छीन कर भागने लगे। झोले में जेवर रखे थे।
गुड़िया के शोर मचाने पर चौराहे पर मौजूद चीता मोबाइल के सिपाही देवेंद्र सिंह व प्रिंस युवराज शर्मा ने दोनों युवकों का पीछा करके उनको पकड़ लिया। पकड़े गए युवक अलीगढ़ के थाना भोजपुरा कोल के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी शमसुद्दीन, थाना सासनी के गांव काली मुसरा निवासी दिलशाद हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को हवालात में बंद कर दिया। कोतवाली में महिला को जेवर सौंप दिए। झोले में एक जोड़ी पायल, ताबीज व एक चांदी का सिक्का था।