फर्रुखाबाद। कांग्रेस नेता व वकील के बीच हुए झगड़े का वीडियो वायरल हुआ। गुरुवार को कांग्रेस नेता की तहरीर पर वकील सहित 27 लोगों के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी कांग्रेस के प्रांतीय नेता कौशलेंद्र यादव उर्फ लालू व शहर कोतवाली क्षेत्र के पांचाल घाट निवासी वकील शिव प्रताप उर्फ चीनू ठाकुर के बीच हुए झगड़े का वीडियो शुक्रवार को वायरल हो गया। कौशलेंद्र यादव ने गुरुवार रात वकील शिव प्रताप उर्फ चीनू, आरएस पाल व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें आरोप लगाया कि 17 मई को कचहरी से होते हुए अपने पेट्रोल पंप जा रहे थे। गांव पाल नगला में वकील शिव प्रताप, आरएस पाल व 25 अज्ञात लोग उनके खेत से रोड बनवा रहे थे। मौके पर जाकर खेत से सड़क बनाने का विरोध किया। इन लोगों ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। कचहरी आने पर मारपीट करने की धमकी दी। इसी घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।