मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। शनिदेव के भंडारे में नगर पंचायत चेयरमैन से विवाद होने के बाद रविवार को भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने चेयरमैन समर्थक के घर पर पथराव कर दिया। इससे उसके परिजनों ने भी जवाब में पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई।
पुलिस ने भाजपा नेता, उसके भाई सहित सपा नेता व भाई को पकड़ लिया। पुलिस ने चारों का शांतिभंग में चालान कर दिया। जानकारी पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर हंगामा किया।
रामलीला मैदान में शनिवार को शनिदेव का भंडारा चल रहा था। रात लगभग 9 बजे नगर पंचायत के चेयरमैन हरीश यादव भंडारे में पहुंचेे और वहा बिछे गद्दों पर बैठ गए। वहां मौजूद मोहम्मदाबाद भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष अंशुल दुबे उर्फ अक्षय ने चेयरमैन को गद्दे से उठा दिया। सपा नेता व्यापारी नरसिंह वर्मा ने इसका विरोध किया तो अंशुल दुबे से विवाद हो गया।
भंडारे में मौजूद लोगों ने समझाकर शांत करा दिया। रविवार सुबह नौ बजे अंशुल कुछ अन्य लोगों के साथ चेयरमैन समर्थक मोहल्ला आजाद नगर निवासी सपा नेता नरसिंह वर्मा के घर पहुंचे और पथराव करने लगे। नरसिंह की ओर से भी पथराव किया गया। इससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मोहल्ला आजादनगर निवासी अंशुल दुबे, उसके भाई अनुज व दूसरे पक्ष से नरसिंह वर्मा व पवन को पकड़ लिया। पुलिस ने चारों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
जानकारी पर पहुुंचे भाजपा नेता मान प्रताप सिंह, डॉ सूरज सिंह राजपूत, राजेश कुमार, अनुज राजपूत, सुग्रीव सिंह राठौर, प्रमोद दुबे, कमलेश शर्मा ने पुलिस पर भाजपा नेता से गालीगलौज कर अपमानित करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस मामले में भाजपा नेताओं ने बताया कि इसकी शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता व मुख्यमंत्री से करेंगे। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि बिना पक्षपात के नियमानुसार कार्रवाई की गई है।