फर्रुखाबाद। गैंगस्टर के मुुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया है। वह नाम बदलकर उत्तराखंड के हरिद्वार में रह रहा था। तीन वर्ष पहले कायमंगज कोतवाली क्षेत्र में डकैती के मामले में पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेजा था।
कायमंगज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सदवाड़ा निवासी शिवम उर्फ अनुपम शुक्ला को पुलिस ने वर्ष 2018 में कस्बे में पड़ी डकैती में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जमानत पर छूटने के बाद शिवम उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के रोशनाबाद इलाके जाकर रहने लगा था। वहां उसने अपना नाम भी बदल लिया था। उसके खिलाफ कायमगंज कोतवाली मेें गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ था। उस पर पुलिस विभाग ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा ने सर्विलांस टीम की मदद से इनामी शिवम उर्फ अनुपम शुक्ला को पकड़ लिया है। यह जानकारी एसपी अशोक कुमार मीणा ने दी।