फर्रुखाबाद। उदयपुर सिटी से प्रयागराज जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन से देवरामपुर क्रासिंग के पास चेन पुलिंग करके पांच यात्री कूद गए। आरपीएफ ने पांचों को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। सभी के खिलाफ कोरोना संक्रमण फैलाने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। ये सभी बिजनौर के रहने वाले हैं।
श्रमिक स्पेशल ट्रेन को कासगंज से सीधे कानपुर रुकना था। गुरुवार सुबह छह बजे जब ट्रेन स्टेशन से निकलकर देवरामपुर क्रासिंग पहुंची, तो चेनपुलिंग करके पांच यात्री उसमें से कूद गए। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर जेके सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी को दबोच लिया। इनके नाम मोहम्मद अब्दुल्ला, आजम, ईशान, मोहसिन और अरमान, निवासी बेगराजपुर बिजनौर के निवासी हैं।
ये उदयपुर सिटी-प्रयागराज की टिकट पर यात्रा कर रहे थे। उन्हें कासगंज उतरना था, मगर वह सो गए। जब फर्रुखाबाद देखा, तो कुछ यात्रियों के कहने पर चेनपुलिंग करके कूद गए। आरपीएफ ने सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने पांचों को सुपुर्दगी में ले लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पांचों पर कोरोना संक्रमण अधिनियम के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।