नवाबगंज। शाम को घर से निकले हिस्ट्रीशीटर की बुधवार रात घर वापस आने पर हालत बिगड़ गई। परिजन उसे प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। हालत में सुधार न होने पर वह उसे फर्रुखाबाद ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी ने पड़ोसी गांव के दो लोगों पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर नहरोसा निवासी रामवीर उर्फ कलेक्टर (46) व गांव नगला दमू निवासी इंद्रेश उर्फ पप्पू के नाम नवाबगंज थाने की टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल हैं। हिस्ट्रीशीटर रामवीर की पत्नी चंदन देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति को बुधवार शाम छह बजे पड़ोसी गांव नगला दमू निवासी इंद्रेश उर्फ पप्पू व शमसाबाद थानाक्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी अनुज उर्फ कट्टू घर से बुला ले गए थे।
इसके बाद पति देर रात वापस आए तो दरवाजे पर ही वह गिर पड़े। परिजन उन्हें घर के अंदर ले गए। हालत ज्यादा खराब होने पर नवाबगंज के प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। वहां हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें फर्रुखाबाद इलाज के लिए ले जा रहे थे। तभी मंडी समिति के पास रामवीर ने दम तोड़ दिया। चंदन देवी ने पुलिस को दो के खिलाफ तहरीर दी है।
इसमें पुरानी रंजिश में जहरीला पदार्थ खिलाकर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। रामवीर की बड़ी बेटी प्रीति की शादी हो चुकी है। शोभित (13) और सौरभ (6) बेटे हैं। दरोगा रहमत खां ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।