फर्रुखाबाद। सराफा दुकान खाली कराने में सहयोग करने के शक में एक सराफा करीगर पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान बीचबचाव करने गए पड़ोसियों पर हमलावरों ने तेजाब फेंक दिया। इसमें तीन लोग झुलस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने झुलसे लोगों का डाक्टरी परीक्षण कराया है। पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिवारी गली में अजय वर्मा की दुकान किराये पर उठी थी। बीते दिन उन्होंने किराएदार से अपनी दुकान खाली करवा ली थी। बुधवार रात करीब आठ बजे किराएदारों ने पड़ोसी विनोद वर्मा से यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि उनके कहने पर दुकान खाली कराई गई है। बात बढ़ी, तो हमलावर विनोद को पीटने लगे।
इस पर विनोद का पुत्र नीरज वर्मा, पड़ोसी सूरज पुत्र मूलचंद्र और जटवारा कदीम निवासी राममोहन पुत्र बसंती वर्मा बीचबचाव करने लगे। तभी एक हमलावर ने आभूषण साफ करने में इस्तेमाल होने वाला तेजाब फेंक दिया। इससे सूरज, नीरज और राममोहन झुलस गए। सूचना मिलते ही मौके पर घुमना चौकी प्रभारी शिवशंकर प्रसाद तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। हमलावर फरार हो गए। कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय ने घटनास्थल का जायजा लिया। झुलसे तीनों युवकों को लोहिया अस्पताल डाक्टरी परीक्षण कराने पहुंचा। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा लिखा जाएगा।