फर्रुखाबाद। सात लाख की बरामदगी को लेकर स्वाट टीम अब तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। मेवाड़ से पकड़कर लाए गए दोनों युवकों ने पूछताछ में तीसरे युवक का खुलासा किया है। जिसको दोनों युवकों ने बैंक से रुपये पार करने के बाद दिए थे। टीम के प्रभारी का दावा है कि दो दिन के अंदर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
कायमगंज के पट्रोल पंप व्यवसायी विनोद गंगवार का कर्मचारी 20 नवंबर को स्टेट बैंक शाखा में सात लाख रुपये जमा करने गया था। उसने रुपये से भरा बैग काउंटर के पास रख दिया और दूसरे पटल पर फार्म जमा करने चला गया। तभी एक युवक रुपये से भरा बैग लेकर चंपत हो गया था। वारदात को अंजाम देते हुए दोनों युवक बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। पुलिस ने विनोद गंगवार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। गली में एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरेेे में दोनों युवकों के चहरे साफ साफ पहचान में आ रहे थे।
सर्विलांस के जरिए युवकों की खोजबीन की गई तो पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाले राजस्थान के जिला मेवाड़ के घुमंतू जाति के हैं। स्वाट टीम ने मेेवाड़ में दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की गई तो पकड़े युवकों ने बताया कि रुपये तीसरे साथी को दे दिए थे। उससे कहा कि पुलिस पीछे लगी है। जब तक मामला शांत न हो जाए तब तक रुपये को ठिकाने लगा देना। स्वाट टीम अब तीसरे युवक की तलाश कर रही है। ताकि सात लाख की बरामदगी हो जाए और घटना का खुलासा कर दिया जाए। टीम प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि अभी कैश बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।