फर्रुखाबाद। आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा जहानगंज के शाखा प्रबंधक व फील्ड आफीसर के खिलाफ किसान ने सीजेएम कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया है। इसमें प्रदेश सरकार से ऋण माफी के बाद बकायेदारी दिखाकर नोटिस जारी करने का आरोप लगाया है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बेहटा निवासी राधारमण ने आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा जहानगंज के प्रबंधक दीप सिंह व फील्ड आफीसर नवीन मलतौरिया के खिलाफ अदालत में अर्जी दायर की थी। इसमें कहा कि बैंक से 58 हजार रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड लिया था। उत्तर प्रदेश शासन की 31 दिसंबर 2017 को शुरू ऋण माफी योजना में उसका भी ऋण माफ हो गया था। वह केसीसी नवीनीकरण कराने बैंक गया तो पता चला कि ऋण माफ नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की तो ऋण माफ होने की जानकारी हुई। पर शाखा प्रबंधक ने उस पर 66 हजार रुपये बकायेदारी दिखाकर 30 अक्तूबर 2018 को नोटिस जारी कर दिया। बैंक में शिकायत करने गया तो शाखा प्रबंधक व फील्ड आफीसर ने गालीगलौज किया। विरोध करने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। सीजेएम के आदेश पर बैंक शाखा प्रबंधक व फील्ड आफीसर के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दर्ज किया गया है।