फर्रुखाबाद। सेना भर्ती में आए युवकों ने राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहगढ़ में बिजली के बोर्ड व वायरिंग उखाड़ दी। एक सीसीटीवी कैमरा उखाड़ ले गए और तीन कैमरों को खराब कर दिया। विद्यालय के मैदान व आसपास गंदगी करने से शिक्षक और कर्मचारियों को बैठना मुश्किल हो रहा है। प्रधानाचार्य ने इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक को दी है।
सेना भर्ती में आने वाले युवकों को ठहराने के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 9 कमरे खोले गए हैं। इन सभी में वायरिंग कराई गई थी और बल्ब लगाए गए थे। युवक बल्ब निकाल ले गए, वायरिंग व बोर्ड को खींच कर तोड़ दिया। हाल की ओर लगे तीन कैमरों को युवकों ने तोड़ दिया और एक कैमरा साथ ले गए। विद्यालय परिसर में कई जगह गंदगी फैलाई।
इससे विद्यालय के शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को बैठना मुश्किल हो गया है। प्रधानाचार्य मीना यादव ने बताया कि सफाई के लिए नगर पालिका में कई बार फोन किया, लेकिन कोई भी कर्मचारी नहीं आया। मोबाइल शौचालय भी उपलब्ध नहीं कराया गया। विद्यालय के जो शौचालय हैं। उनकी भी हालत भी खस्ता हो गई है। सीसीटीवी कैमरों को खराब कर दिया है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजी है।