मोहम्मदाबाद। महिला से पर्स छीनने में पकड़े गए युवकों ने ही चार माह पहले शमसाबाद में सराफा व्यापारी से लूट की थी। इसका खुलासा करते हुए पुलिस ने उनके पास 20 हजार रुपये व पायलें बरामद की हैं।
मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव छतरी भरी निवासी गुड़िया सिंह रविवार को रोडवेज बस से शाहजहांपुर जा रहीं थीं। चौराहे पर बस रुकने के दौरान बस में सवार दो युवक उनका पर्स लेकर भागने लगे। गुड़िया के शोर मचाने पर पुलिस ने अलीगढ़ थाना सासनीगेट के गांव भवनी निवासी दिलशाद व कोतवाली नगर के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी शमसुद्दीन को पकड़ लिया था।
इनके पास से महिला का पर्स बरामद कर उसको सौंपा था। पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ के बाद शमसाबाद कस्बा निवासी सराफा व्यापारी राजेंद्र के साथ 22 फरवरी को हुई लूट का खुलासा कर दिया। लुटेरे राजेंद्र से दुकान बंद कर जाते समय 80 हजार रुपये व 90 हजार की चांदी से भरा थैला लेकर भाग गए थे। पुलिस ने लुटेरों के पास से 20 हजार रुपये व पायलें बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि यह लोग बस में सवार होकर आते थे। सवारियों की अटैची व बैग चोरी कर निकल जाते थे। सराफ से लूट के बाद इन लोगों ने जेवर फुटकर में बेच दिए थे।