फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख सहित दो के खिलाफ पुलिस ने 10 हजार रुपये की मांग कर चेक बुक व डेबिट कार्ड छीनने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की न्यू आफीसर कालोनी निवासी शनि कुशवाहा ने मोहल्ला कसरट्टा निवासी मोहम्मदाबाद ब्लाक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन व नौगवां कैंट निवासी भूपेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें आरोप लगाया कि 13 अप्रैल को भूपेंद्र ने उसको कसरट्टा वाली गली के सामने रोक लिया। भूपेंद्र ने 10 हजार रुपये की मांग कर गाली-गलौज की।
इसी दौरान ब्लाक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन आ गए। उन्होंने भी गाली-गलौज कर मारपीट का प्रयास किया। उसका डेबिट कार्ड व चेकबुक छीन लिया। जाते समय जान से मारने की धमकी दी। भूपेंद्र ब्याज पर रुपये देने का काम करता है। जांच में पुलिस को पता चला कि शनि ने कुछ रुपये भूपेंद्र से उधार लिए थे, उसी रुपये के ब्याज को लेकर विवाद हुआ था। सीओ सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।