गांव ढिलावल में शिवम के घर चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर से सटे गांव ढिलावल में चोरों ने एक रात में तीन घरों को निशाना बनाया। एक घर से नकदी, जेवर समेत साढ़े तीन लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। दो घरों से चोर मोबाइल ही ले जा सके। पीड़ितों ने तहरीर दी है।
मऊदरवाजा थानाक्षेत्र के गांव ढिलावल निवासी शिवम के घर सोमवार रात चोर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी चेन, तीन जोड़ी झुमकी, चार अंगूठी, पेंडल, कुंडल, कमर गुच्छा, 30 हजार रुपये समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। सुबह परिजनों के जागने पर घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने छानबीन की।
इसके अलावा पड़ोस के ही महेश और मुकेश के घरों से चोर चारपाई पर रखे मोबाइल चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने बताया कि सुबह के वक्त परिजनों के जागने पर चोर अन्य सामान नहीं ले जा सके। पुलिस ने तहरीर पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है और जांच की बात कह रही है।