फर्रुखाबाद। सेंट्रल जेल चौकी से पुलिस की निगरानी में खड़े टैंकर व ट्रक से टायर चोरी करने के मामले मेें पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसमें टैंकर का मालिक व उसका चचेरा भाई भी शामिल है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अर्जुन नगला निवासी बीटीसी की छात्रा रागिनी को छह अप्रैल को फतेहगढ़ कोतवाली की सेंट्रल जेल चौकी के पास टैंकर ने टक्कर मार दी थी। इसमें रागिनी की मौत हो गई थी। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया था। 15 अप्रैल को टैंकर के पुलिस अभिरक्षा में चार टायर चोरी हो गए थे। इससे पहले 12 मार्च को एक ट्रक के दो टायर चोरी हुए थे। इस मामले में एसपी अशोक कुमार मीणा ने कोतवाल जय प्रकाश की जमकर फटकार लगाई थी। चौकी के पास पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में टायर चोरी करने वाले लोगों के फोटो कैद हो गए थे। पुलिस ने रविवार को दीवान सत्येंद्र की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ टायर चोरी करने का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने इससे पहले नवाबगंज के गांव बांसमई निवासी ट्रक मालिक कुलदीप सिंह, चचेरे भाई हिमांशु, हेल्पर सनी सोमवंशी, शहर कोतवाली के सिंहवाहिनी कालोनी निवासी ट्रक चालक पिंकू यादव को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी के चार टायर भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को चारों लोगों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।