फर्रुखाबाद। एक शातिर ने किशोरी से छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने पकड़ा, तो उसे छुड़ाने के लिए भाजपा मीडिया प्रभारी समेत कई नेता शहर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में दो घंटे तक हंगामा होता रहा, मगर पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद भाजपाई वापस चले गए। भाजपा नेताओं ने कादरीगेट चौकी के दीवान पर एमएलसी के प्रति अभद्र टिप्पणी का भी आरोप लगाया।
शहर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी के फोन पर शुक्रवार शाम मोहल्ला नरकसा निवासी श्यामू मिश्रा उर्फ अंकित ने गाली-गलौज की। उसने इसकी शिकायत कादरीगेट चौकी पुलिस से की।
चौकी के दीवान शिवाकांत तिवारी ने श्यामू से मोबाइल पर बात की, तो उसने दीवान से भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि कुछ देर बाद श्यामू चौकी पहुंचा और हंगामा करने लगा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शहर कोतवाली भेजा और हवालात में बंद कर दिया।
सूचना मिलते ही देर रात भाजपा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, भाजयुमो जिला मंत्री अंकित तिवारी, भाजयुमो फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रानू तिवारी, पवन मिश्रा, हिंदूवादी नेता राजेश मिश्रा समेत करीब 25 भाजपा और हिंदूवादी नेता कोतवाली पहुंच गए।
उन्होंने श्यामू को छुड़वाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया और करीब दो घंटे तक हंगामा किया। विवाद इतना बढ़ा कि कादरीगेट चौकी पर तैनात दीवान ने भाजपा नेताओं को देख लेने की धमकी दे दी। इस पर भाजपा नेता बिफर गए। कई बार हाथापाई की नौबत आई, मगर कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दिया।
इसी दौरान भाजपा नेताओं ने दीवान पर एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा दिया। इस पर दीवान ने नौकरी से इस्तीफा देने की धमकी दी। कुछ देर बाद पहुंचे कोतवाल ने भाजपा नेताओं से बातचीत की।
इसी दौरान किशोरी की ओर से आई तहरीर का एसपी ने संज्ञान लिया और फिर पुलिस ने श्यामू मिश्रा पर किशोरी से छेड़छाड़ करने, फोन पर गाली-गलौज, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की सख्ती के चलते भाजपा नेता मायूस होकर लौट गए। प्रभारी सीओ सिटी अजेय कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी श्यामू शातिर है। उस पर कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।