फर्रुखाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में कबड़्डी जूनियर बालक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
फाइनल मुकाबला सीपी ग्लोबल सकवाई ने फरीदपुर नवाबगंज को हराकर जीता। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बुधवार को आयोजित प्रतियोगिता में पहला मैच बरौन व जनता इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। बरौन ने 19 अंक से मैच जीत लिया।
पहले सेमीफाइनल मैच में फरीदपुर नवाबगंज ने मदनपुर क्लब को कड़े मुकाबले में एक अंक से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल मैच में सीपी ग्लोबल सकवाई ने शहीद देवानंद एकेडमी को सात अंकों से करारी शिकस्त दी।
फाइनल मुकाबला सीपी ग्लोबल सकवाई व फरीदपुर नवाबगंज के बीच हुआ। सभी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली फरीदपुर नवाबगंज की टीम फाइनल में फिसड्डी साबित हुई। सीपी ग्लोबल सकवाई टीम के खिलाफ खिलाड़ी अंक हासिल करने में जद्दोजहद करते नजर आए। इसके चलते सीपी ग्लोबल सकवाई ने फरीदपुर नवाबगंज को 15 अंकों से करारी शिकस्त देकर फाइनल मैच जीत लिया।
जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। निर्णायक कुलदीप यादव, सुभाषचंद्र, संजीव कटियार, अरुण कुमार, सुनील पाल, विमलेश कुमार, अभिषेक शाक्य, सपना यादव, अतुल कटियार रहे। इस अवसर पर प्रदीप जायसवाल, सुशांत गुप्ता, मनीष कुमार व मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।