फर्रुखाबाद। सीएमओ पर उत्पीड़न व अपमानित करने का आरोप लगाकर एसीएमओ ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। कहा कि सीएमओ के साथ काम करने में असहजता हो रही है।
उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति देने या लंबे अवकाश पर जाने का भी अनुरोध किया है। एसीएमओ डॉ.सर्वेश यादव ने जिलाधिकारी से की शिकायत में आरोप लगाया है कि सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार लंबे समय से अपमानित कर रहे हैं।
अंधता निवारण कार्यक्रम में ऑपरेशन की फाइल जब एडीए ने मांगी तो सीएमओ ने उनके ऊपर फाइल चोरी का आरोप लगा दिया। जबकि भुगतान के लिए फाइल पटल सहायक ने सीएमओ के सामने प्रस्तुत की थी। इसी तरह कोविड कर्मी स्टाफ नर्सों के मानदेय भुगतान के लिए सीएमओ ने उनसे पत्रावली मांगी। अपने पास ही फाइल रखी होने के बावजूद सीएमओ ने उन्हें फोन कर अपमानित किया और धमकाया।
डीएम की सभी बैठकों में सीएमओ उन्हें ही भेजते हैं। यह भी कहा कि उनके पास जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का चार्ज है। एसीएमओ ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति या लंबे अवकाश पर जाने का अनुरोध किया है।
सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि उत्पीड़न करने का आरोप गलत है। उन्होंने एसीएमओ से स्टाफ नर्सों के मानदेय भुगतान से संंबंधित फाइल मांगी थी, कोई अभद्रता नहीं की। एसीएमओ ने उनके खिलाफ यदि जिलाधिकारी से शिकायत तो उसका भी जवाब दिया जाएगा। आपसी वार्ता कर मामला शांत किया जाएगा।
एनएचएम कर्मियों ने दी आंदोलन की धमकी
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक बाजपेई ने लोहिया अस्पताल में बैठक की। उन्होंने सीएमओ पर लगातार कर्मचारियों का उत्पीड़न करने, अभद्र भाषा शैली का प्रयोग करने व एसीएमओ को अपमानित करने का विरोध किया।
संगठन कर्मचारियों ने सीएमओ द्वारा सार्वजनिक स्थल पर माफी मांगने व दिवाली से पहले सभी कर्मचारियों का मानदेय भुगतान न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रमोद दीक्षित, नरेंद्र मिश्र, अटल शुक्ला, रजा अहमद, साबिर हुसैन, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)