कायमगंज। नगर की सामाजिक संस्था साहसी बालिका टीम जनसेवा के कार्यों से क्षेत्र में अलग पहचान बना रही है। वर्ष 2019 में सिल्की मिश्रा ने सूफी शीलू की प्रेरणा से इसकी शुरुआत की थी। महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा के लिए जागरूकता फैलाने को लक्ष्य बनाकर शुरू हुई यह पहल अब विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
मोहल्ला बगिया मंगूलाल निवासी सिल्की मिश्रा ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ तंबाकू कारोबार संभाला और शकुंतला देवी कॉलेज में अध्यापन भी किया। बाद में उन्होंने सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कारोबार की जिम्मेदारी अपने भाई अंकुर को सौंप दी। टीम में खुशबू मिश्रा, चांदनी, अंजू, दिव्या, निकिता, गरिमा व अंजना समेत कई छात्राएं जुड़ी हैं।
कोरोना काल में फ्लू कैंपों में सहयोग, गौसेवा, वृद्धाश्रम में पर्व आयोजन, मिशन शक्ति व मतदाता जागरूकता अभियान, मंदिरों की सफाई, जरूरतमंदों को वस्त्र वितरण और रक्तदान जैसे कार्यों में टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इन अभियानों का खर्च सदस्य स्वयं वहन करती हैं।
साहसी बालिका टीम ने वर्ष 2019 में मानवता की मिसाल पेश की। घर में अकेली रह रही 76 वर्षीय बीमार गुल्लो बुआ की टीम की सदस्यों ने लगातार दो माह तक सेवा की। उनकी देखभाल, दवाओं और अन्य जरूरतों का खर्च स्वयं उठाया। वृद्धा के निधन के बाद टीम ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई और अपने सहयोग से तेरहवीं संस्कार भी संपन्न कराया। इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही। सिल्की मिश्रा ने बताया कि जरूरतमंदों की सेवा करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
भट्ठा मजदूरों संग बांटी मिठाई व वस्त्र
साहसी बालिका टीम ने नगर से एकत्र किए गए पुराने कपड़ों की धुलाई व मरम्मत के बाद दीपावली और होली जैसे पर्वों पर भट्ठा मजदूरों के बीच पहुंचकर मिठाई और वस्त्र वितरित किए। टीम की सदस्यों ने मजदूर परिवारों और बच्चों के साथ समय बिताकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को वस्त्र प्रदान किए गए। टीम की ओर से कहा गया कि त्योहार की सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के चेहरे पर भी मुस्कान आए।