संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। नगरपालिका की ईओ सीमा तोमर को सोमवार को सभासदों ने कोरोना काल में कथित तौर पर व्यावसायिक टैक्स लगाए जाने के विरोध में ज्ञापन दिया। ईओ ने नया टैक्स लगाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर सर्वे कराया जा रहा है। साथ ही 2008 से अब तक के बकाए की वसूली की जा रही है।
नगर की दुकानों, ढाबों व अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर टैक्स लगाए जाने की चर्चा पर हर ओर से विरोध शुरू हो गया है। व्यापार मंडल ने भी विरोध करने की चेतावनी दी है। सोमवार को नामित सभासद समेत 26 लोगों ने ईओ को ज्ञापन दिया। इसमें टैक्स लगाने की शुरू हुई कवायद का विरोध किया। सभासदों का कहना है देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। ऐसे में व्यावसायिक टैक्स न बढ़ाया जाए।
इस मामले में ईओ सीमा तोमर ने बताया अभी शासन के निर्देश पर सर्वे किया जा रहा है। टैक्स बढ़ाने का अभी आदेश नहीं है।
व्यावसायिक टैक्स तो 2008 से लागू है। इसकी अब तक वसूली नहीं हुई थी। पिछले टैक्स की वसूली के लिए काम किया जा रहा है। इस दौरान सचिन यादव, आमिर खां, रूबी गिरी, मसूद अली, रामप्रकाश, आसिफ मंसूरी, मुकेश गंगवार, नरेश शर्मा सहित सभी सभासद मौजूद रहे।