फर्रुखाबाद। जनपद में रविवार को संक्रमण से 75 वर्षीय वृद्घ की मौत हो गई। वहीं एक संक्रमित डाक्टर के पांच परिजनों समेत 27 और संक्रमित मिले। इससे जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। 1293 संक्रमित मिल चुके हैं। 546 ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके, 323 होम आइसोलेशन पूरा कर चुके हैं। 389 केस एक्टिव हैं।
शमसाबाद के मोहल्ला दलमीर खां निवासी वृद्ध(75) को तीन वर्ष से सांस की दिक्कत और डायबिटीज थी। तीन दिन पहले सीएचसी में एंटीजन किट से जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई थी। परिजन इलाज के लिए शाहजहांपुर ले गए। वहां पॉजिटिव मिले। शनिवार रात उनकी मौत हो गई। वहीं, सातनपुर निवासी एक निजी डाक्टर की शनिवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
वे होम आइसोलेट हो गए। जांच में डाक्टर की पत्नी(45), बेटा(13), बेटी(17) सहित पांच लोग संक्रमित मिले।
कमालगंज के नहरैया निवासी वृद्ध(62), महिला(53) व एक अन्य महिला(32) की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ताजपुर निवासी महिला(28) व कायमगंज के गांव पहाड़ी निवासी वृद्ध भी कोरोना की चपेट में आ गया है।