सिंचाई विभाग के संविदा कर्मी की मार्ग दुर्घटना में मौत
मोहम्मदाबाद। नाना को स्कूटी से छोड़कर आ रहे सिंचाई विभाग के सविंदाकर्मी की बरेली-इटावा हाईवे पर दुर्घटना में मौत हो गई। मंगलवार को संविदा की कर्मी के परिजनों ने उसकी शादी के लिए युवती की गोदभराई की रस्म अदा की थी। शादी की तारीख को लेकर विचार विमर्श चल रहा था। इस हादसे से दोनों परिवारों मे कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र गांव नगला बाग रठौरा निवासी वीरेंद्र जाटव का 20 वर्षीय पुत्र विपिन सिंचाई विभाग लखनऊ में संविदा पर नौकरी करता था। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव ढिलावल की युुवती से उसका विवाह तय हो गया था। मंगलवार को विपिन के परिजनों ने युवती के घर जाकर गोदभराई की थी। विपिन कोतवाली क्षेत्र के ही गांव मोहरीकापुर निवासी नाना रामशरण को स्कूटी से ननिहाल में छोड़कर घर आ रहा था।
बरेली-इटावा हाईवे पर गैसिंगपुर प्लांट के सामने किसी वाहन ने विपिन की स्कूटी में टक्कर मार दी। चालक वाहन को भगा ले गया। विपिन की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहने था। सूचना पर पिता वीरेंद्र सिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और पुत्र को मृत देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे।
विपिन तीन भाइयों में बीच का था। उसका बड़ा भाई तेज सिंह घर पर रहकर पिता के साथ खेती करता है। छोटा भाई विवेक कक्षा 9 का छात्र है। घटना से मां वीरावती का भी बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।