फर्रुखाबाद। एक महिला ने फर्जी नक्शा बनवाकर मकान का निर्माण शुरू करवा दिया। विनियमित क्षेत्र के जेई की जांच में मामला खुला। मकान मालिक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तहरीर दी गई। कागजातों पर हस्ताक्षर भी फर्जी पाए गए हैं।
शहर के डिग्गीताल निवासी हेमंत कुमार ने पत्नी अर्चना कुमारी के नाम से पांचाल घाट मार्ग पर चांदपुर में एक प्लाट लिया था। उस पर भवन निर्माण किया जा रहा है। विनियमित क्षेत्र के जेई डीके सिंह ने टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की। हेमंत ने छह मार्च 2024 का नक्शा पास दिखाया। जब इसकी जांच की गई, तो उस पर जेई के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए।
यही नहीं चालान की बैंक स्लिप, आवेदन शुल्क, विकास शुल्क, अवस्थाना शुल्क, निर्माण सेस आदि भी फर्जी मिले। अर्चना के पति ने जेई को बयान में बताया कि तहसील के पास बैठने वाले शादाब को नक्शा बनाने को दिया था। शादाब ने ही नक्शा पास कराने के लिए अजय यादव नाम के व्यक्ति को पत्रावली दे दी। अजय यादव ही उनसे चालान आदि के रुपये लेता रहा। बाद में अजय ने ही नक्शा दे दिया।
जेई ने कादरीगेट थाने में दी तहरीर में कहा कि मानचित्र पर फर्जी हस्ताक्षर हैं। इससे साफ है कि नक्शा पास कराने वाला गैंग काम कर रहा है। इससे राजस्व की हानि हो रही है। लिहाजा अर्चना कुमारी, शादाब और अजय यादव व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। जेई ने बताया कि थाने में तहरीर दे दी है। आरोपियों पर कड़़ी कार्रवाई होगी।
-