बेला सरायगजा में बन रहा नलकूप। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। राजकीय नलकूप विभाग में टेंडर प्रक्रिया को ताख पर रख कर चहेती फर्मों से काम कराया जा रहा है। गांव बेला सराय गजा में भी बिना टेंडर के ही नलकूप का निर्माण चल रहा है। प्रशासन का शिकंजा न होने से अधिकारियों की मनमानी हावी है।
शमसाबाद क्षेत्र के गांव बेला सराय गजा में राजकीय नलकूप संख्या 52 केएमजी का इन दिनों निर्माण चल रहा है। मानक के अनुसार पंपहाउस में डेढ़ मीटर गड्ढा खोदकर चार इंच गिट्टी रोड़ी कूटने के बाद चिनाई कर फर्श बनाई जाती है।
इस पंप हाउस में गड्ढे का भी मानक पूरा नहीं किया जा रहा है। बिना टेंडर चहेती फर्म को करीब दो लाख रुपये का काम देकर निर्माण कराया जा रहा है। पता चला है कि ठेकेदार को स्टोर से उप खनिज भी नहीं दिया गया।
टेंडर प्रक्रिया न अपनाए जाने से अमानक निर्माण हो रहा है। क्षेत्रीय अवर अभियंता बृजेश दीक्षित ने बताया कि अधिशासी अभियंता के निर्देश पर वह ठेकेदार से निर्माण कार्य करा रहे हैं। उन्हें टेंडर व अनुबंध संबंधी कोई कागज नहीं दिए गए।
ठेकेदार के पास भी टेंडर संबंधी कागजात नहीं हैं। अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने बताया कि वह बिना लिखित कोई आदेश नहीं देते हैं।